उत्तर प्रदेश

महिला आरक्षण बिल लोकसभा में गिरा, प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली। लोकसभा के विशेष सत्र में महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 पारित नहीं हो सका, जिसके बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पुराने महिला आरक्षण बिल को तुरंत दोबारा संसद में लाया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सोमवार को संसद बुलाकर इस विधेयक पर चर्चा की जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कौन महिला अधिकारों के पक्ष में है और कौन विरोध में।

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण देश की महिलाओं का अधिकार है और इसे रोका नहीं जा सकता।

सूत्रों के अनुसार, इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन ने भी रणनीति बनाई है और विपक्षी दल देशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं।

लोकसभा में हुए मतदान में यह विधेयक पारित नहीं हो सका क्योंकि इसे दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला। कुल 528 सांसदों में से 298 ने पक्ष में और 230 ने विरोध में वोट दिया, जबकि पास होने के लिए 352 वोट जरूरी थे। इस तरह यह बिल 54 वोटों से गिर गया।

बिल गिरने के बाद संसद में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर टकराव और तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button