महोबा में दो पक्षों में हिंसक झड़प, 8 घायल

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में स्थित ऐतिहासिक कीरत सागर तट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब घुमंतू जाति के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। जुए और शराब के नशे में शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर पत्थर और बर्तनों से हमला करते नजर आ रहे हैं।
विवाद की शुरुआत जुए के खेल से हुई
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत जुए के खेल के दौरान हुई कहासुनी से हुई। इसी दौरान संजय नाम का युवक शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए राजू की झोपड़ी में घुस गया।
आरोप है कि वहां राजू की पत्नी शालू अपने 6 माह के बच्चे को सुला रही थी, तभी संजय ने नशे की हालत में मासूम को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद मामला पूरी तरह बेकाबू हो गया।
दोनों पक्षों में जमकर पथराव
घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और ईंट-पत्थर व बर्तनों से एक-दूसरे पर हमला शुरू कर दिया। सड़क के पास हुई इस घटना से राहगीरों और दुकानदारों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 की चार गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन नशे में धुत लोग काफी देर तक नहीं माने। बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
6 माह के मासूम समेत 8 लोग घायल
इस हिंसक झड़प में कुल 8 लोग घायल हो गए हैं।
एक पक्ष से राजू, शालू, बुजुर्ग शारदा और 6 माह का मासूम घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से संजय, मैना, राहुल और नैना को चोटें आई हैं।
घायलों में मैना की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




