मुंबई में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से 4 की मौत, बिरयानी और तरबूज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

मुंबई: शहर के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के 9 सदस्यों ने रात करीब 10 बजे बिरयानी खाई थी, जिसके बाद देर रात लगभग 1:30 बजे कुछ लोगों ने तरबूज भी खाया। इसके बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान चार लोगों की मौत हो गई।
फिलहाल आशंका जताई जा रही है कि मामला फूड प्वाइजनिंग से जुड़ा हो सकता है, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
एक्सपर्ट की राय
डॉक्टरों के अनुसार, बिरयानी और तरबूज को साथ खाने से मौत होने की संभावना नहीं होती। विशेषज्ञों का कहना है कि असली वजह संभवतः खाना लंबे समय तक खुले में रखना हो सकता है, जिससे बैक्टीरिया तेजी से पनप जाते हैं।
राजीव गांधी अस्पताल के विशेषज्ञ के मुताबिक, खुले में रखे भोजन में साल्मोनेला, ई. कोलाई और स्टैफिलोकोकस ऑरियस जैसे खतरनाक बैक्टीरिया विकसित हो सकते हैं, जो गंभीर फूड प्वाइजनिंग और यहां तक कि सेप्सिस का कारण बन सकते हैं।
कैसे बनती है स्थिति जानलेवा
डॉक्टरों के अनुसार, फूड प्वाइजनिंग से लगातार उल्टी और दस्त होने पर शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है। इससे ब्लड प्रेशर बहुत गिर सकता है और मरीज शॉक की स्थिति में पहुंच सकता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है। कुछ मामलों में बैक्टीरिया खून में फैलकर सेप्सिस भी पैदा कर सकते हैं।
सावधानी की सलाह
विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि:
- खुले में रखा खाना न खाएं
- पका हुआ भोजन 1 घंटे के भीतर खा लें
- भोजन को ढककर रखें
- गर्मी के मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतें
लक्षण जिन पर ध्यान जरूरी
- लगातार उल्टी
- दस्त
- तेज बुखार
- सिरदर्द
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहे हैं, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो पाएगी।



