दिल्ली में जोमैटो डिलीवरी बॉय की हत्या पर बवाल, तेजस्वी यादव का केंद्र-राज्य सरकार पर तीखा हमला

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बिहार के खगड़िया निवासी जोमैटो डिलीवरी बॉय पांडव कुमार की हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। घटना को लेकर विपक्षी दलों ने नाराजगी जताई है, वहीं आरजेडी नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र और दिल्ली सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि “बीजेपी सरकार में बिहारी होना सबसे बड़ा अपराध बन गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित युवक को सिर्फ ‘बिहारी’ होने के कारण गोली मारी गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में दिल्ली और बिहार दोनों जगहों पर बीजेपी की सत्ता का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहारी प्रवासियों के साथ अन्य राज्यों में भेदभाव और उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में 21 सालों से नीतीश-बीजेपी शासन के कारण लोग मजबूरी में दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं और वहां उन्हें सम्मान की जगह संदेह और भेदभाव का सामना करना पड़ता है।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
तेजस्वी यादव ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सख्त सजा दी जाए। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी अपील की।
क्या है मामला
यह घटना शनिवार रात दिल्ली के जाफराबाद थाना क्षेत्र के रावता गांव की है। आरोप है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने शराब के नशे में जोमैटो डिलीवरी बॉय पांडव कुमार को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली लगने से उसका साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी हेड कांस्टेबल से पूछताछ की जा रही है।



