उत्तर प्रदेश

“सीएम योगी का दावा: अब यूपी में सिर्फ मेहनत का मिलता है इनाम”

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल गई है और अब प्रदेश में युवाओं को नौकरी सिफारिश या रिश्वत के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी योग्यता के आधार पर मिल रही है।

सीएम योगी मंगलवार को गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हाल में उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित प्रधान परिचालकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में पुलिस प्रशिक्षण क्षमता सीमित थी और एक बार में केवल लगभग 3000 जवानों को ही प्रशिक्षण दिया जा सकता था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश के विभिन्न पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों में करीब 60 हजार पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।

सीएम योगी ने कहा कि यह बदलाव दर्शाता है कि अगर सरकार की नीयत साफ हो और कार्य करने की इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो बड़े से बड़ा लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष हो चुकी है, जिससे मेहनती युवाओं का भरोसा सिस्टम पर बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अवसर देने के लिए लगातार पुलिस और अन्य विभागों में बड़े स्तर पर भर्तियां कर रही है और आगे भी यह प्रक्रिया तेज की जाएगी।

Related Articles

Back to top button