उत्तर प्रदेश

मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

Mulayam Singh Yadav के बेटे और Aparna Yadav के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 38 साल के थे। जानकारी के मुताबिक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

सूत्रों के अनुसार प्रतीक यादव को सुबह 5:55 बजे अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

एक हफ्ते पहले मेदांता अस्पताल में हुए थे भर्ती

बताया जा रहा है कि एक हफ्ते पहले तबीयत खराब होने के कारण प्रतीक यादव को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत स्थिर होने के बाद उन्हें घर लाया गया था। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान Akhilesh Yadav और Dimple Yadav भी उनसे मिलने पहुंचे थे।

प्रतीक यादव अपनी फिटनेस को लेकर काफी सजग रहते थे और सोशल मीडिया पर अक्सर वर्कआउट से जुड़े फोटो और वीडियो साझा करते थे।

किचन में अचेत अवस्था में मिले थे प्रतीक

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक प्रतीक यादव घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे। सुबह करीब 4:55 बजे घर में मौजूद लोगों ने अस्पताल को इसकी जानकारी दी।

घटना के बाद लखनऊ पुलिस भी जांच में जुट गई है। पुलिस ने प्रतीक यादव का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है और घर की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

CM योगी ने जताया दुख

Yogi Adityanath ने प्रतीक यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा,
“पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।”

कौन थे प्रतीक यादव?

प्रतीक यादव राजनीतिक परिवार से जरूर जुड़े थे, लेकिन वह सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे। वह मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे।

उनकी पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी की नेता हैं और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं। प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी साल 2012 में हुई थी, जिसे उत्तर प्रदेश की हाई-प्रोफाइल शादियों में गिना जाता है।

Related Articles

Back to top button