उत्तर प्रदेश

आज हरिद्वार में होगा प्रतीक यादव का अस्थि विसर्जन, पूरा परिवार रहेगा मौजूद

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का आज शनिवार को हरिद्वार में अस्थि विसर्जन किया जाएगा। इसके लिए सैफई परिवार की ओर से सुबह से ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

प्रतीक यादव का बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया था। वह महज 38 वर्ष के थे।

चार्टर प्लेन से हरिद्वार जाएगा परिवार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार सुबह समाजवादी पार्टी महासचिव शिवपाल यादव के बेटे और सांसद आदित्य यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव और विधायक तेज प्रताप यादव बैकुंठ धाम पहुंचेंगे। यहां से अस्थि कलश लेकर परिवार सुबह करीब 10:30 बजे चार्टर प्लेन से हरिद्वार रवाना होगा।

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव भी अपने परिवार के साथ हरिद्वार जाएंगी।

बेटियां भी रहेंगी मौजूद

प्रतीक यादव की दोनों बेटियां और अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह भी अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होंगे। हरिद्वार में पूरे विधि-विधान के साथ गंगा नदी में अस्थियां प्रवाहित की जाएंगी।

बताया जा रहा है कि जूना अखाड़ा के आचार्य स्वामी अवधेशानंद पूजा-अर्चना कराएंगे, जबकि आदित्य यादव अपने भाई प्रतीक यादव की अस्थियां गंगा में प्रवाहित करेंगे।

पोस्टमार्टम में सामने आई मौत की वजह

प्रतीक यादव को बुधवार को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में उनके शरीर पर कुछ चोटों के निशान मिले थे, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक वे जानलेवा नहीं थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह पल्मोनरी एंबोलिज्म बताई गई है। इस बीमारी में शरीर के अंदर खून के थक्के जम जाते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक यादव के फेफड़ों में खून के थक्के जम गए थे।

गुरुवार को हुआ था अंतिम संस्कार

प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार को लखनऊ के भैंसाकुंड घाट पर किया गया था। इस दौरान अखिलेश यादव, शिवपाल यादव समेत पूरा सैफई परिवार मौजूद रहा।

समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में समर्थक भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे थे। प्रतीक यादव को उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी थी।

Related Articles

Back to top button