लखीमपुर खीरी हादसा: ट्रक-टाटा मैजिक की टक्कर में 10 लोगों की मौत, 2 घायल

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में नेशनल हाईवे-730 (NH-730) पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ईसानगर थाना क्षेत्र के ऊंचगांव भरेहटा के बीच एक तेज रफ्तार ट्रक और टाटा मैजिक वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही करीब 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिसैया जा रहे थे सभी सवार
जानकारी के अनुसार, टाटा मैजिक में सवार सभी लोग लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बहराइच की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही ईसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। आगे की कार्रवाई जारी है।




