प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा पर रोक: स्वास्थ्य कारणों से अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

वृंदावन में राधा रानी के अनन्य भक्त माने जाने वाले प्रेमानंद महाराज की दैनिक पदयात्रा एक बार फिर से स्थगित कर दी गई है। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इसे फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है, जिससे देशभर से आए श्रद्धालुओं में चिंता और मायूसी का माहौल है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से उनकी पदयात्रा नहीं हो रही है और भक्त लगातार उनके दर्शन का इंतजार कर रहे हैं।
रविवार-सोमवार को नहीं हुए दर्शन
जानकारी के मुताबिक रविवार और सोमवार की सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन के सोभर ऋषि कुंड पहुंचे थे। रोजाना की तरह लोग पदयात्रा के दौरान महाराज के दर्शन की प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन उनकी उपस्थिति नहीं हुई।
बाद में सेवकों द्वारा बताया गया कि स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण प्रेमानंद महाराज पदयात्रा में शामिल नहीं हो पा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर अनिश्चितकाल स्थगन के दावे
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि स्वास्थ्य कारणों के चलते पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
सेवकों के अनुसार फिलहाल महाराज का स्वास्थ्य स्थिर है, लेकिन कुछ विशेष कारणों के चलते नियमित पदयात्रा रोक दी गई है।
भक्तों में चिंता और प्रार्थना का माहौल
पदयात्रा नहीं होने से वृंदावन में पहुंचे श्रद्धालुओं में निराशा देखी गई। कई भक्तों ने राधा रानी से प्रार्थना की कि प्रेमानंद महाराज जल्द स्वस्थ होकर फिर से पदयात्रा शुरू करें और भक्तों को दर्शन दें।




