ग्रेटर नोएडा दीपिका नागर मौत मामला: सास और चाचा ससुर गिरफ्तार, तीन आरोपी अब भी फरार

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में दीपिका नागर की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने बुधवार को मृतका की सास पूनम को गिरफ्तार किया, जबकि मंगलवार रात चाचा ससुर विनोद को पकड़ा गया।
पुलिस की चार टीमें अब भी फरार चल रहे तीन आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हैं और उनकी तलाश सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस के जरिए की जा रही है।
तीसरी मंजिल से गिरकर हुई थी दीपिका की मौत
मूल रूप से कुड़ी खेड़ा गांव निवासी दीपिका नागर की रविवार रात जलपुरा गांव स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को रितिक पुत्र मनोज के साथ हुई थी।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज में Toyota Fortuner और 50 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर दीपिका की हत्या की गई।
हत्या के बाद नीचे फेंकने का आरोप
दीपिका के पिता संजय नागर का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या करने के बाद उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आने पर बिसरा सुरक्षित रखा गया है।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर प्रताड़ना के संकेत मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
पति और ससुर पहले ही जा चुके हैं जेल
शैलेंद्र सिंह के अनुसार, इससे पहले मृतका के पति रितिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
फिलहाल इस मामले में ननद नेहा, तन्नी और चाचा ससुर प्रमोद फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
सीएम योगी से न्याय की मांग करेंगे परिजन
दीपिका के पिता संजय नागर ने कहा कि वे जल्द ही योगी आदित्यनाथ से मिलकर न्याय की मांग करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार अपना विरोध और तेज करेगा।
कंगना रनौत ने भी उठाए सवाल
कंगना रनौत ने भी दीपिका नागर और ट्विशा शर्मा की मौत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शादीशुदा महिलाओं से जुड़ी लगातार आ रही घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
कंगना ने कहा कि कई महिलाएं शादी के बाद अपने माता-पिता से मदद मांगती हैं, लेकिन समाज की सोच ऐसी है कि बेटियों को शादी के बाद “दूसरे घर” का मान लिया जाता है। उन्होंने इसे बदलने की जरूरत बताई।




