गोरखपुर में पेट्रोल भरवाने को लेकर पेट्रोल पंप पर मारपीट, हथौड़े और मोबिल केन से हमला

गोरखपुर में पेट्रोल भरवाने को लेकर पेट्रोल पंप पर जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। पहले पेट्रोल भराने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मोबिल केन, हथौड़े और अन्य सामान से हमला कर दिया।
इस मारपीट में एक युवक का सिर फट गया, जबकि दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं।
इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर हुआ विवाद
घटना Indian Oil के पेट्रोल पंप की है, जो बक्शीपुर इलाके में स्थित है। जानकारी के मुताबिक सुबह से ही पेट्रोल पंप पर लंबी कतार लगी हुई थी। करीब 11:30 बजे पेट्रोल पहले भरवाने को लेकर दो लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
बीच-बचाव की कोशिश भी रही नाकाम
पेट्रोल पंप मालिक तौसीफ और कर्मचारी बहलोल ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिसके हाथ में जो सामान आया, उसने उसी से हमला शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान पेट्रोल पंप मालिक और कर्मचारियों को भी हल्की चोटें आईं।
पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को लेकर कोतवाली थाना पुलिस थाने चली गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पेट्रोल-डीजल की कमी से बढ़ रही भीड़
पेट्रोल पंप संचालक तौसीफ ने बताया कि सप्लाई में कमी की वजह से उन्हें दो दिन बाद पेट्रोल मिला था। जैसे ही बिक्री शुरू हुई, बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल भरवाने पहुंच गए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जरूरत के मुताबिक ही पेट्रोल लें और अफवाहों या पैनिक में आकर भीड़ न बढ़ाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का हवाला देते हुए लोगों से संयम बरतने को कहा।
लोग फुल टैंक करवा रहे पेट्रोल
पेट्रोल भरवाने आए लोगों का कहना है कि कई पेट्रोल पंपों पर तेल नहीं मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है। इसी वजह से लोग अब 100-200 रुपये की बजाय पूरी टंकी फुल करवा रहे हैं।
देश के कई शहरों से पेट्रोल-डीजल की कमी के बीच पेट्रोल पंपों पर बहस और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालक लगातार लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।




