Uncategorized

झांसी में बीडा मुआवजे के बाद युवक प्रेमिका संग लापता, पत्नी ने थाने में लगाई गुहार

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र के इमलिया गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) से मिले मुआवजे के बाद एक युवक अपनी कथित प्रेमिका के साथ लापता हो गया। करीब एक सप्ताह से दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसकी पत्नी ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, इमलिया गांव निवासी रुचि परिहार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके ससुर धनीराम की करीब पांच एकड़ जमीन बीडा द्वारा अधिग्रहित की गई थी, जिसके बदले परिवार को लगभग एक करोड़ रुपये का मुआवजा मिला था। यह राशि तीन भाइयों में बांटी गई, जिसमें उसके पति नीलेश के हिस्से में करीब 25 लाख रुपये आए।

मुआवजे के बाद बदला व्यवहार, पत्नी का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि मुआवजे की रकम मिलने के बाद उसके पति के व्यवहार में अचानक बदलाव आ गया। पहले सामान्य जीवन जीने वाले नीलेश का रहन-सहन और जीवनशैली बदल गई। इसी दौरान गांव की एक युवती से उसके कथित संबंध बन गए।

पत्नी का कहना है कि पति ने उससे दूरी बना ली और अब साथ रहने से भी इनकार कर दिया। करीब आठ साल की शादी और छह साल के बेटे के बावजूद परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गया।

प्रेमिका के साथ घर छोड़कर हुआ लापता

रुचि का आरोप है कि कुछ दिन पहले उसका पति कथित प्रेमिका के साथ घर छोड़कर चला गया, जिसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल सका है। वह अपने छोटे बेटे के साथ अकेली रह गई है और भविष्य को लेकर चिंतित है।

पुलिस जांच में जुटी

इस मामले पर रक्सा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि महिला थाने आई थी, लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button