उत्तर प्रदेश

लखनऊ में निवेशकों को मिलेगा आवंटन पत्र, सीएम योगी 17 परियोजनाओं को देंगे गति

लखनऊ। उत्तर प्रदेश को निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 17 निवेशकों को औद्योगिक आवंटन पत्र प्रदान करेंगे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देना, रोजगार के नए अवसर सृजित करना और औद्योगिक विकास को गति देना है। मुख्यमंत्री इस अवसर पर निवेशकों के साथ संवाद भी करेंगे और उन्हें राज्य की औद्योगिक नीतियों, सुविधाओं और निवेश अनुकूल माहौल की जानकारी देंगे।

कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी उपस्थित रहेंगे और निवेशकों को संबोधित करेंगे। इस दौरान दो प्रमुख निवेश परियोजनाओं—सीईएससी ग्रीन्स और आईबी सोलर—का उद्घाटन भी प्रस्तावित है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री सभी निवेशकों के साथ ग्रुप फोटो भी कराएंगे। सरकार का मानना है कि इस तरह की पहल से निवेशकों का भरोसा और मजबूत होगा तथा राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।

योगी सरकार लगातार दावा करती रही है कि बेहतर कानून व्यवस्था, तेज प्रशासनिक निर्णय और मजबूत बुनियादी ढांचे के चलते उत्तर प्रदेश देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में शामिल हुआ है। सरकार का लक्ष्य राज्य को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करना भी है।

Related Articles

Back to top button