लखनऊ: तेजस अस्पताल में डॉक्टर पर दुष्कर्म के आरोप, अस्पताल सील, आरोपी हिरासत में

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के तेजस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक 19 वर्षीय छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले ने सनसनी फैला दी है। मामले के सामने आने के बाद राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील करने के आदेश दिए हैं और आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बीकेटी थाना क्षेत्र स्थित इस अस्पताल में मिर्गी (Epilepsy) के इलाज के लिए भर्ती छात्रा के साथ कथित रूप से ऑपरेशन थिएटर में नशीला इंजेक्शन देकर दुष्कर्म किया गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने पहले परिजनों और स्टाफ को बाहर भेजकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़िता ने होश में आने पर परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद अस्पताल परिसर में हंगामा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी डॉक्टर विजय कुमार गिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सरकारी स्तर पर उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर अस्पताल को सील कर दिया गया है। आरोपी डॉक्टर का मेडिकल लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है और उनकी आयुर्वेदिक डिग्री जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही विस्तृत कार्रवाई की जाएगी।



