CBSE Result 2026 विवाद: छात्र ने लगाया कॉपी जांच में गड़बड़ी का आरोप, कहा- फिजिक्स की सप्लीमेंट्री शीट गायब

Central Board of Secondary Education के 12वीं बोर्ड रिजल्ट 2026 के बाद कॉपी जांच और हैंडराइटिंग मूल्यांकन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब एक छात्र ने बोर्ड पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। छात्र हर्ष चौरसिया का दावा है कि उसकी फिजिक्स की सप्लीमेंट्री कॉपी जांच में शामिल ही नहीं की गई, जिससे उसके अंक कम आए।
‘8 पेज की सप्लीमेंट्री कॉपी गायब’
हर्ष चौरसिया के मुताबिक, फिजिक्स की उत्तर पुस्तिका के बाहर साफ लिखा हुआ है कि उसने एक सप्लीमेंट्री कॉपी ली थी। इसके बावजूद बोर्ड की ओर से केवल 32 पेज की मुख्य कॉपी ही जांची गई। छात्र का आरोप है कि 8 पेज की सप्लीमेंट्री कॉपी गायब है, जिसमें उसने दो महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर लिखे थे।
हर्ष का कहना है कि अगर वह सप्लीमेंट्री कॉपी जांची जाती तो उसे कम से कम 7 से 8 अंक और मिल सकते थे।
‘85+ की उम्मीद थी, मिले सिर्फ 73 नंबर’
छात्र को फिजिक्स में 73 अंक मिले हैं, जबकि उसका दावा है कि उसे 85 से ज्यादा नंबर मिलने चाहिए थे। हर्ष ने यह मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उठाया, जहां उसकी पोस्ट वायरल हो रही है।
उसने यह भी आरोप लगाया कि कॉपी में स्टेप-बाय-स्टेप मार्किंग नहीं की गई और कई सही उत्तरों पर अपेक्षा से कम अंक दिए गए।
JEE Main में 88 परसेंटाइल
हर्ष चौरसिया ने Joint Entrance Examination Main (JEE Main) परीक्षा भी दी थी, जिसमें उसे 88 परसेंटाइल मिले हैं। उसने JEE Advanced भी दिया है और अब उसके रिजल्ट का इंतजार कर रहा है।
फीस जमा करने के बाद मिली कॉपी
छात्र के अनुसार, उसने 20 मई को उत्तर पुस्तिका देखने के लिए निर्धारित फीस जमा की थी, लेकिन करीब पांच दिन बाद उसे कॉपी उपलब्ध कराई गई। कॉपी देखने के बाद ही उसे सप्लीमेंट्री शीट गायब होने की जानकारी मिली।
हर्ष का आरोप है कि उसने बोर्ड अधिकारियों को इस संबंध में शिकायत भी की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात सार्वजनिक की।




