बस्ती में ईद-उल-अजहा से पहले पुलिस अलर्ट, फ्लैग मार्च और ड्रोन से निगरानी तेज

उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी सौहार्द के माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार शाम क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस बल ने शहर के संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में फ्लैग मार्च और मॉक ड्रिल किया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत कोतवाली थाना गेट से हुई, जो सदर अस्पताल, दक्षिण दरवाजा, रोडवेज, मालवीय रोड होते हुए गांधीनगर जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस बल दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस नजर आया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती का संदेश दिया गया।
ड्रोन से संवेदनशील इलाकों की निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस ने मिश्रित और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की। छतों और संकरी गलियों की हवाई निगरानी कर किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, त्योहार के दौरान संवेदनशील स्थानों पर लगातार ड्रोन मॉनिटरिंग जारी रहेगी।
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय मौलवियों, उलेमाओं और संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। एसपी डॉक्टर यश्वी सिंह ने कहा कि त्योहार गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे का प्रतीक हैं, इसलिए सभी लोग इसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जाए। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर गैंगस्टर एक्ट सहित सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और पूरे जिले में चौकसी बढ़ा दी गई है, ताकि बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।



