उत्तर प्रदेश

बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब ढहा, 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां सो रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में अब तक 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

रात 3 बजे बारिश और तेज आंधी के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब 3 बजे उस समय हुआ जब इलाके में तेज बारिश और आंधी चल रही थी। कई मजदूर निर्माणाधीन स्लैब के नीचे ही सो रहे थे। अचानक स्लैब गिरने से मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

SDRF और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद

हादसे की सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और मलबे को हटाने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

बांदा और हमीरपुर के मजदूरों की गई जान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर बांदा और हमीरपुर जनपद के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रशासन मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटा है।

मोरकंदर परसानी से नैथी गांव के बीच बन रहा था पुल

यह पुल कुरारा क्षेत्र में मोरकंदर परसानी से नैथी गांव के बीच बेतवा नदी पर बनाया जा रहा था। पुल निर्माण कार्य काफी समय से चल रहा था। हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जांच के आदेश संभव

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच कराई जाएगी। निर्माण कंपनी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की भी बात कही जा रही है।

Related Articles

Back to top button