उत्तर प्रदेश

UP Election 2027: योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी बीजेपी, ब्रजेश पाठक ने किया बड़ा दाव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री के चेहरे और ब्राह्मण वोट बैंक को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ेगी और चुनाव के बाद भी वही मुख्यमंत्री होंगे।

कानपुर में आयोजित यूपी तक कॉन्क्लेव में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ऊंचाहार विधायक एवं मंत्री मनोज पांडे ने 2027 के चुनावी समीकरणों पर खुलकर अपनी बात रखी।

‘योगी आदित्यनाथ ही होंगे भाजपा का चेहरा’

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर ही लड़ेगी।

ब्रजेश पाठक ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हम चुनाव मैदान में उतरेंगे। पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा भी वही होंगे और जनता एक बार फिर उनके नेतृत्व पर भरोसा जताएगी।”

मनोज पांडे ने भी दोहराया समर्थन

योगी सरकार में मंत्री बने ऊंचाहार विधायक मनोज पांडे ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है और प्रदेश ‘उत्तम प्रदेश’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मनोज पांडे ने कहा, “योगी आदित्यनाथ एक मजबूत और निर्णायक नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। भाजपा 2027 का चुनाव उनके नेतृत्व में ही लड़ेगी और जनता फिर से भाजपा को समर्थन देगी।”

ब्राह्मण वोटरों को लेकर भी दिया संदेश

ब्रजेश पाठक और मनोज पांडे का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रदेश में ब्राह्मण समाज की नाराजगी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। विपक्ष लगातार भाजपा पर ब्राह्मणों की उपेक्षा का आरोप लगाता रहा है।

इस मुद्दे पर दोनों नेताओं ने दावा किया कि ब्राह्मण समाज भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा है और आगामी चुनाव में भी पार्टी को उनका पूरा समर्थन मिलेगा।

राजनीतिक अटकलों पर विराम?

पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के बीच संबंधों को लेकर भी कई तरह की राजनीतिक अटकलें लगाई जाती रही हैं। हालांकि कानपुर में दोनों नेताओं की ओर से दिए गए बयानों को भाजपा नेतृत्व को लेकर चल रही तमाम चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने समय रहते यह स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही करेंगे।

Related Articles

Back to top button