योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई: सरकारी भूमि पर बने मदरसे पर चला बुलडोजर

गाजियाबाद: गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बने एक कथित अवैध मदरसे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कल्लुगढ़ी गांव में करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि पर बने मदरसा जामिया अरबिया इशातुल को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
प्रशासन के अनुसार, मदरसा लगभग 12 बीघा सरकारी जमीन पर बना हुआ था। इस परिसर में सात कमरे निर्मित थे और वर्ष 2021 से यहां गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। मामले में लेखपाल अनुपम मिश्रा की शिकायत पर मसूरी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, मदरसे के संचालक फारुक बेग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 तथा अवैध कब्जे से संबंधित धाराओं 329(3) और 329(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फारुक बेग के दिल्ली में रहने की जानकारी सामने आई है।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। मौके पर 3 प्लाटून RAF, 2 कंपनी PAC, विभिन्न जोनों से आए करीब 500 पुलिसकर्मी, स्थानीय पुलिस बल के 300 जवान, 8 थाना प्रभारी और एंटी-रायट उपकरणों से लैस सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।
यह कार्रवाई गाजियाबाद में हाल ही में सामने आए सूर्या हत्याकांड के बाद अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। इससे पहले खोड़ा क्षेत्र में दो मदरसों को भी सील किया गया था। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




