मिशन-27 की तैयारी: मुरादाबाद में जयंत चौधरी की महारैली, पश्चिमी यूपी में ताकत दिखाएगी RLD

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों की आहट के बीच राजनीतिक दलों ने अपनी जमीनी तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आज राष्ट्रीय लोकदल (RLD) की बड़ी “विजय संकल्प महारैली” होने जा रही है, जिसमें पार्टी प्रमुख जयंत चौधरी अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे और “मिशन-27” का आगाज करेंगे।
यह महारैली ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र के सनातन धर्म हिन्दू इंटर कॉलेज मैदान में दोपहर 2 बजे आयोजित होगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आरएलडी के स्थानीय नेताओं के साथ राज्य मंत्री अनिल कुमार लगातार गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
पश्चिमी यूपी में सियासी संदेश देने की कोशिश
मुरादाबाद को समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां की ठाकुरद्वारा और कांठ विधानसभा सीटों पर सपा का प्रभाव रहा है। कुल छह सीटों में से चार सीटें सपा के पास हैं, जबकि पिछले उपचुनाव में भाजपा ने कुंदरकी सीट जीतकर अपनी स्थिति मजबूत की थी।
ऐसे में आरएलडी अब एनडीए के साथ मिलकर पश्चिमी यूपी में अपनी पकड़ मजबूत करने और किसान वोट बैंक पर असर डालने की रणनीति पर काम कर रही है।
किसान मुद्दों पर फोकस
रैली में खासतौर पर किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। आरएलडी का लक्ष्य है कि वह पश्चिमी यूपी के साथ-साथ आसपास के जिलों जैसे बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली, अमरोहा, मेरठ और सहारनपुर तक अपना संदेश मजबूत तरीके से पहुंचाए।
पार्टी का दावा है कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान इस रैली में शामिल होंगे।
कांठ सीट पर नजर
आरएलडी की नजर खास तौर पर कांठ विधानसभा सीट पर भी है, जिसे जाट और मुस्लिम बहुल क्षेत्र माना जाता है। पार्टी इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
इससे पहले पार्टी नेता केसी त्यागी भी हाल ही में कांठ क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं। रैली को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके जरिए आरएलडी पश्चिमी यूपी में अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश में जुटी है।




