उत्तर प्रदेश

सुभासपा प्रमुख का सपा अध्यक्ष पर तीखा हमला, सोशल मीडिया पोस्ट में मुलायम सिंह यादव का किया जिक्र

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।

ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए अखिलेश यादव को उनके पिता और समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव का पुराना बयान याद दिलाया। उन्होंने दावा किया कि मुलायम सिंह यादव ने वर्ष 2013 में सार्वजनिक मंच से अखिलेश सरकार की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे।

‘बाबूजी की बात याद दिला रहा हूं’

ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह अखिलेश यादव से कुछ नया नहीं कह रहे हैं, बल्कि उनके बाबूजी की कही बात याद दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि 4 जून 2013 को मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश सरकार के बारे में जो बातें कही थीं, उनका उल्लेख एक राष्ट्रीय अखबार में भी प्रकाशित हुआ था।

राजभर ने तंज कसते हुए लिखा कि अखिलेश यादव ऑस्ट्रेलिया से पढ़े-लिखे हैं, इसलिए उन्हें अंग्रेजी समझने में कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश उस खबर को ध्यान से पढ़ लेंगे तो वर्तमान सरकार की कानून-व्यवस्था पर टिप्पणी करने से पहले कई बार सोचेंगे।

सपाइयों पर भी साधा निशाना

अपने पोस्ट में ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि संबंधित खबर अंग्रेजी में है, इसलिए उन्होंने उसका हिंदी स्क्रीनशॉट भी साझा किया है। राजभर की इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

PDA की ताकत पर भी उठाए सवाल

ओपी राजभर ने विपक्षी गठबंधन और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) राजनीति को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि PDA में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का मुकाबला करने की क्षमता नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान शासन एक विशेष समुदाय के इर्द-गिर्द केंद्रित रहा, जिसके कारण अन्य वर्गों में असंतोष बढ़ा। राजभर ने यह भी कहा कि सपा शासनकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर लगातार सवाल उठते रहे थे।

पहले भी सपा पर साध चुके हैं निशाना

गौरतलब है कि ओम प्रकाश राजभर पिछले कुछ समय से लगातार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। हाल ही में आजमगढ़ से पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक संदिग्ध की गिरफ्तारी के मामले में भी उन्होंने सपा पर निशाना साधा था। उस समय उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी के गढ़ माने जाने वाले क्षेत्र से ऐसे मामले सामने आना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज होती जा रही है। आने वाले दिनों में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच यह राजनीतिक टकराव और बढ़ने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button