भदोही कारपेट एक्सपो का गोल्डन जुबली एडिशन: CM योगी करेंगे उद्घाटन, 112 परियोजनाओं की सौगात—जानें पूरा प्लान

उत्तर प्रदेश का निर्यात कारोबार लगातार नए कीर्तिमान बना रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जानकारी दी कि राज्य का निर्यात अब 2 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है, जिससे उत्तर प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन गया है। इस उपलब्धि में भदोही के हस्तनिर्मित कालीनों का अहम योगदान रहा है। सीएम ने बताया कि पिछले 10 सालों में राज्य के निर्यात में लगभग 2.27 गुना की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस बढ़त का बड़ा हिस्सा भदोही के कालीन उद्योग से आया है, जिसकी वैश्विक बाजारों में मांग लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भदोही के कारीगरों ने अपने हुनर से जिस कालीन कला को दुनिया तक पहुंचाया, उन्हें 2017 से पहले बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था। आज डबल-इंजन सरकार के तहत उसी कारीगरी को विकास और वैश्विक बाजार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भदोही के हस्तनिर्मित कालीनों की मांग आज दुनिया में सबसे ज्यादा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश की कारीगरी को नई पहचान मिल रही है। सीएम योगी ने घोषणा की कि वे भदोही में आयोजित होने वाले एशिया के सबसे बड़े इंटरनेशनल हैंडमेड कारपेट ट्रेड फेयर इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वे कारपेट इंडस्ट्री से जुड़े एक्सपोर्टर्स, सेलर्स और एंटरप्रेन्योर्स से सीधी बातचीत भी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन का मकसद कारीगरों के हुनर का सम्मान, कारोबार का विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना और भदोही की खुशहाली सुनिश्चित करना है। यही नए उत्तर प्रदेश में विरासत और विकास के संगम की नई पहचान है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मौके पर भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों को 1,340 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली 112 विकास परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। साथ ही अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सीधा लाभ भी पहुंचाया जाएगा। यह कदम भदोही के कालीन उद्योग को वैश्विक स्तर पर और मजबूत करने तथा स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अहम माना जा रहा है।




