उत्तर प्रदेश

Sitapur News: कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा तानिया की हालत हुई ठीक, बहराइच रेफर किए जाने के बाद चला इलाज—परिजनों ने लगाया यह आरोप

सीतापुर में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय रेउसा में शनिवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद बहराइच रेफर की गई कक्षा-8 की छात्रा तानिया की हालत अब ठीक है। जिला अस्पताल बहराइच में छात्रा का एक्स-रे और ब्लड जांच कराई गई, जिसके बाद उसे उपचार दिया गया। अब छात्रा की तबीयत में सुधार है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही है। छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद विद्यालय में छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि छात्रा और उसके परिजनों ने सीएचसी रेउसा में उचित उपचार न मिलने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार कस्बा रेउसा निवासी मोहम्मद सफीउल्ला की बेटी तानिया कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कक्षा-8 में पढ़ती है। शनिवार दोपहर करीब दो बजे लंच करने के बाद उसे खांसी आनी शुरू हुई। कुछ देर बाद खांसी बढ़ने के साथ उसकी हालत बिगड़ने लगी। छात्रा की तबीयत खराब होने की सूचना विद्यालय की ओर से उसकी मां को दी गई। इसके बाद मां और वार्डन छात्रा को लेकर सीएचसी रेउसा पहुंचे। प्रशासनिक जांच रिपोर्ट के अनुसार सीएचसी में चिकित्सकों ने छात्रा को तीन इंजेक्शन दिए और करीब एक घंटे तक निगरानी में रखा। गंभीर हालत को देखते हुए इसके बाद उसे जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया। छात्रा को लेकर परिजन बहराइच पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने एक्स-रे और ब्लड की जांच कराई। जांच के बाद उपचार दिया गया, जिसके करीब आधे घंटे बाद छात्रा की तबीयत सामान्य हो गई।

जांच रिपोर्ट और परिजनों के अनुसार बताया जा रहा है कि फिलहाल छात्रा को किसी तरह की गंभीर परेशानी नहीं है। जांच में भी किसी गंभीर स्थिति की जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद विद्यालय में मौजूद अन्य छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है। अभिभावकों का कहना है कि आवासीय विद्यालय में बच्चों के खानपान और स्वास्थ्य की नियमित निगरानी होनी चाहिए, ताकि अचानक तबीयत खराब होने की स्थिति में तत्काल उपचार मिल सके। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि छात्रा की तबीयत आखिर किस वजह से अचानक बिगड़ी थी।

Related Articles

Back to top button