77वें गणतंत्र दिवस पर सीएम योगी ने फहराया तिरंगा, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

लखनऊ। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था और बीते 76 वर्षों की यात्रा में संविधान ने देश को हर परिस्थिति में दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अनेक उतार-चढ़ाव के बावजूद संविधान ने भारत की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत किया है।
सीएम योगी ने कहा कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प के अनुरूप आज उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक एक नए भारत का निर्माण हो रहा है, जिसमें संविधान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हर भारतीय नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान के प्रति पूर्ण विश्वास, सम्मान और समर्पण के साथ कार्य करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम संविधान के मूल मूल्यों और उसकी भावना को बनाए रखते हैं, तभी हम उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों को सच्ची श्रद्धांजलि देते हैं, जिनके बलिदान से एक स्वतंत्र और संप्रभु भारत की नींव रखी गई।
अपने संबोधन के अंत में सीएम योगी आदित्यनाथ ने देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि प्रदेश और देश उनके बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।


