बुर्का विवाद: संजय निषाद के विवादित बयान पर आलोचना, दी सफाई और नीतीश कुमार की की तारीफ

लखनऊ। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बुर्का विवाद देशभर में सुर्खियों में है। इस मामले में विपक्ष लगातार उन पर निशाना साध रहा है, जबकि उनके सहयोगी दलों के नेता उनकी सफाई में बयान दे रहे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने नीतीश कुमार का बचाव करते हुए विवादित बयान दे दिया, जिससे वे खुद भी आलोचना के घेरे में आ गए।
विवादित बयान क्या था?
संजय निषाद ने कहा था—
“केवल बुर्का खींचा है तो इतना हल्ला हो रहा है, कहीं यहां-वहां उंगली लगा देते तो क्या होता?”
इस बयान के बाद विपक्ष और सामाजिक संगठनों ने उन्हें निशाने पर लिया।
संजय निषाद ने दी सफाई
भारी आलोचना के बाद संजय निषाद ने बयान वापस लेने और सफाई पेश करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा—
“मैंने सिर्फ बात को टालने और विवाद न बढ़े इसलिए ऐसा कहा था। गांव देहात में, पूर्वांचल में बात टालनी होती है। मैंने हंसते हुए सहज भाव में ऐसी बात कही थी।”
साथ ही उन्होंने कहा कि अगर किसी को उनके बयान से ठेस पहुंची हो तो वे अपनी बात वापस लेते हैं। उन्होंने एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि जनता उनके काम को जानती है।
कांग्रेस और सपा नेताओं ने जताई नाराजगी
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा—
“यह बेशर्मी की बात है कि हंसते हुए यूपी सरकार में मंत्री संजय निषाद ऐसा बयान दे रहे हैं। यह उनके महिला विरोधी सोच को दर्शाता है।”
सपा के नेता ने भी कहा—
“ऐसी मानसिकता के लोगों से उत्तर प्रदेश की हर मां, बेटी और बहन को बचाना होगा। ये लोग किसी की इज्जत की परवाह नहीं करते, चाहे किसी भी धर्म के हों।”
नीतीश कुमार विवाद में लगातार घिरे
बुर्का विवाद के बाद नीतीश कुमार लगातार आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। विपक्ष और सामाजिक संगठन उनके इस कदम को महिला विरोधी बताते हुए सवाल उठा रहे हैं, जबकि सहयोगी दलों के नेता उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक निर्णयों का बचाव कर रहे हैं।




