उत्तर प्रदेश

यूपी चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, प्रियंका गांधी के जन्मदिन से शुरू होगा ‘परिवर्तन प्रतिज्ञा अभियान’

लखनऊ:
उत्तर प्रदेश में सियासी जमीन मजबूत करने की कोशिश में जुटी कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिन 12 जनवरी से कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग प्रदेशभर में ‘परिवर्तन प्रतिज्ञा अभियान’ की शुरुआत करेगा, जो पूरे एक साल तक चलेगा।

बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान

कांग्रेस का यह अभियान प्रदेश मुख्यालय से लेकर बूथ स्तर तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत सामाजिक न्याय, जनभागीदारी, युवाओं की भागीदारी और पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। अभियान का कैलेंडर जल्द ही जारी किया जाएगा।

प्रियंका गांधी का जन्मदिन बनेगा परिवर्तन प्रतिज्ञा दिवस

12 जनवरी को लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में प्रियंका गांधी का जन्मदिन ‘परिवर्तन प्रतिज्ञा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में पिछड़े समाज से जुड़े कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।

यूनिवर्सिटी और कॉलेजों तक पहुंचने का लक्ष्य

कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि इस कार्यक्रम में

  • ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद
  • प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय
  • प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय
    सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य प्रदेश की सभी यूनिवर्सिटी और कॉलेजों तक पहुंचना है। युवाओं को यह बताया जाएगा कि भाजपा सरकार किस तरह युवाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को कमजोर कर रही है। इसके लिए नुक्कड़ नाटक, जनसभाएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्थानीय मुद्दों को बनाया जाएगा हथियार

मनोज यादव ने बताया कि जिला और मंडल स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में पिछड़े समाज के साथ हुई स्थानीय घटनाओं और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। अभियान का मकसद 2027 से पहले अधिक से अधिक लोगों तक कांग्रेस की बात पहुंचाना है।

2027 में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली

अभियान के समापन पर 12 जनवरी 2027 को एक बड़ी परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली आयोजित की जाएगी। इसके लिए कांग्रेस ने अभी से सभी जिलों में कार्यकर्ताओं को जुटने के निर्देश दे दिए हैं।

संगठन की परीक्षा

बीते चुनावों में कमजोर संगठन के चलते कांग्रेस को यूपी में अपेक्षित सफलता नहीं मिली है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि परिवर्तन प्रतिज्ञा अभियान कांग्रेस के लिए 2027 में कितना असरदार साबित होता है।

Related Articles

Back to top button