महिला आरक्षण बिल गिरने पर सियासत गरमाई, प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

नई दिल्ली। संसद में महिला आरक्षण से जुड़ा बिल गिरने के बाद देश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। सत्ता पक्ष जहां विपक्ष पर महिला विरोधी होने का आरोप लगा रहा है, वहीं विपक्ष इसे सरकार की रणनीति और साजिश बता रहा है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद में जो कुछ हुआ वह लोकतंत्र और संविधान की जीत है।
‘सरकार ने साजिश के तहत बिल लाया’
प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया कि सरकार को पहले से पता था कि यह बिल पास नहीं होगा, फिर भी इसे एक साजिश के तहत लाया गया। उन्होंने कहा कि अगर बिल पास हो जाता तो सरकार खुद को महिलाओं की मसीहा बताती और अगर नहीं होता तो विपक्ष को महिला विरोधी साबित करने की कोशिश करती।
‘महिला आरक्षण नहीं, परिसीमन का खेल’
प्रियंका गांधी ने कहा कि यह मुद्दा केवल महिला आरक्षण का नहीं बल्कि परिसीमन से जुड़ा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिना जातिगत जनगणना के आधार के परिसीमन करना चाहती थी, ताकि मनमानी की जा सके।
‘लोकतंत्र और विपक्ष की एकता की जीत’
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यह लोकतंत्र, संविधान और विपक्ष की एकता की जीत है। उन्होंने दावा किया कि जब विपक्ष एकजुट होता है तो सरकार को रोका जा सकता है।
‘महिलाओं का इस्तेमाल सत्ता के लिए’
प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि सरकार सत्ता के लिए महिलाओं के मुद्दे का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
BJP पर भी साधा निशाना
उन्होंने कहा कि बीजेपी का महिलाओं को लेकर रिकॉर्ड सवालों के घेरे में रहा है। उन्होंने उन्नाव, हाथरस और मणिपुर जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए।




