महिला आरक्षण और परिसीमन पर बंगाल में सियासी हलचल, कांग्रेस-टीएमसी रिश्तों में बढ़ी तल्खी

महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे ने पश्चिम बंगाल की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है। टीएमसी के साथ गठबंधन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की रणनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर टीएमसी ने साफ कर दिया है कि उसे चुनाव में कांग्रेस की जरूरत नहीं है, वहीं कांग्रेस ने भी अब इंडिया ब्लॉक की परवाह किए बिना आक्रामक चुनावी रणनीति अपनाने का ऐलान किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तरी दिनाजपुर और रायगंज में 14 अप्रैल को हुई रैलियों में राहुल गांधी ने न सिर्फ बीजेपी बल्कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी तीखे हमले किए। कांग्रेस ने चुनावी रणनीति के तहत मुस्लिम बहुल इलाकों में राहुल और प्रियंका गांधी की रैलियां तय की हैं, जबकि दलित और आदिवासी क्षेत्रों में मल्लिकार्जुन खरगे को प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। दार्जिलिंग में गांधी परिवार के पुराने राजनीतिक संबंधों को भुनाने की भी तैयारी की गई है।
हालांकि, इसी बीच कांग्रेस और टीएमसी के रिश्तों में नरमी के संकेत भी मिले हैं। महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे मुद्दों पर दोनों दलों के बीच हुई राजनीतिक खींचतान के बाद अब स्थिति में कुछ बदलाव देखा जा रहा है। पहले जहां टीएमसी ने संशोधन विधेयक का विरोध करते हुए अपने 21 सांसदों को मैदान में उतारा था, वहीं अब दोनों दलों के बीच संवाद की संभावना बनी है।
सूत्रों के मुताबिक, बिल गिरने के बाद सोनिया गांधी और ममता बनर्जी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जबकि राहुल गांधी और अभिषेक बनर्जी के बीच भी संपर्क हुआ। इसके बाद राहुल गांधी ने बंगाल दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया और प्रियंका गांधी का प्रचार कार्यक्रम भी रद्द हो गया। वहीं मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रचार के दौरान अधिकांश समय बीजेपी पर निशाना साधा।
इसी बीच कांग्रेस के भीतर भी असहजता बढ़ी है। वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी, जो लंबे समय से ममता बनर्जी के विरोधी माने जाते हैं, इस बदले राजनीतिक माहौल से खासे असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। उनका मानना है कि कांग्रेस को अपने स्वतंत्र चुनावी रुख के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बंगाल में कांग्रेस और टीएमसी के बीच यह खींचतान आने वाले चुनावी समीकरणों को काफी हद तक प्रभावित कर सकती है, और दोनों दलों की रणनीति अब पूरी तरह सीटों और क्षेत्रीय समीकरणों पर केंद्रित होती दिख रही है।




