उत्तर प्रदेश

यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 जारी: हाईस्कूल-इंटर में बेटियों का दबदबा, सीएम योगी ने दी बधाई

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार भी दोनों ही कक्षाओं में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह सफलता छात्रों के परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है और उन्हें आगे भी इसी ऊर्जा के साथ नए आयाम स्थापित करने चाहिए।

इंटर और हाईस्कूल टॉपर्स की सूची
इंटरमीडिएट में शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं नंदिनी गुप्ता और श्रिया वर्मा 97.20 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे स्थान पर सुरभि यादव और पूजा पाल ने 97 प्रतिशत अंक हासिल किए।

हाईस्कूल में कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया। अदिति 97.50 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि अर्पिता, ऋषभ साहू और परी वर्मा ने 97.33 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

पास प्रतिशत में भी लड़कियां आगे
हाईस्कूल में कुल 90.42 प्रतिशत छात्र-छात्राएं पास हुए, जिसमें लड़कियों का पास प्रतिशत 93.76 और लड़कों का 87.30 रहा। वहीं इंटरमीडिएट में कुल 80.38 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए, जिसमें लड़कियों का पास प्रतिशत 86.32 और लड़कों का 75.04 रहा।

प्रयागराज में घोषित हुआ परिणाम
रिजल्ट की घोषणा प्रयागराज स्थित बोर्ड मुख्यालय में शाम 4 बजे की गई। बोर्ड के सभापति डॉ. महेंद्र देव और सचिव भगवती सिंह ने संयुक्त रूप से परिणाम जारी किया। इस साल 50 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी।

बोर्ड ने इस बार रिकॉर्ड 20 दिनों में मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित किया, जिसे नकलविहीन परीक्षा व्यवस्था के लिए भी सराहा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button