देश-विदेश

गंगटोक में पीएम मोदी का अनोखा अंदाज़, बच्चों संग खेला फुटबॉल

गंगटोक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को सिक्किम दौरे पर अलग ही अंदाज़ में नजर आए। गंगटोक में उन्होंने स्थानीय बच्चों के साथ फुटबॉल खेलकर न सिर्फ़ उनका उत्साह बढ़ाया, बल्कि युवाओं से जुड़ाव का संदेश भी दिया। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने लिखा कि गंगटोक की खूबसूरत सुबह में युवाओं के साथ फुटबॉल खेलने का अनुभव बेहद खास रहा। वीडियो में पीएम बच्चों के बीच सहजता से बातचीत और खेल में हिस्सा लेते दिखे, जिससे मौजूद लोगों में उत्साह देखने को मिला।

अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी ने गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का भी निरीक्षण किया, जिसे राज्य की जैव विविधता और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए आधुनिक ऑर्किड एक्सपीरियंस सेंटर के रूप में विकसित किया गया है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने सिक्किम के 50वें राज्य स्थापना दिवस के समापन समारोह में भाग लिया और पालजोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के लिए 4000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर दिया गया है। नामची में 100 बेड वाले आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखी गई, जबकि एनआईटी देवराली में 30 बेड के सोवा रिग्पा अस्पताल का उद्घाटन किया गया।

शिक्षा क्षेत्र में सिक्किम विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर, कई कॉलेज भवन और 160 स्कूलों में आईटी आधारित शिक्षा व्यवस्था की शुरुआत की गई। वहीं, कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए नए पुलों और सड़कों से जुड़े प्रोजेक्ट्स की भी नींव रखी गई।

यह दौरा सिक्किम के स्वर्ण जयंती वर्ष में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसे राज्य के समग्र विकास और पूर्वोत्तर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button