Uncategorized

महराजगंज में रमाकांत चौहान हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी ‘जेलर’ गिरफ्तार

महराजगंज कोतवाली पुलिस ने चर्चित रमाकांत चौहान हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी राघवेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने तंत्र-मंत्र के शक में रमाकांत चौहान की हत्या कर शव को बस्ती जिले में सड़क किनारे फेंक दिया था।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की पाइप भी बरामद कर ली है।

बेटे की मौत के बाद पनपा शक

शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी राघवेन्द्र सिंह उर्फ जेलर, गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र के केशवपुर वार्ड नंबर 16 का निवासी है। उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

तंत्र-मंत्र के शक में रची हत्या की साजिश

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक रमाकांत चौहान पिपरा रसूलपुर का निवासी था और झाड़-फूंक तथा सोखैती का काम करता था। पूजा-पाठ के सिलसिले में उसका आरोपी के घर आना-जाना था।

आरोपी के अनुसार जनवरी 2025 में रमाकांत ने उससे दो लाख रुपये उधार मांगे थे। रुपये न देने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था।

इसके बाद 26 फरवरी 2025 को शिवरात्रि के दिन आरोपी के बेटे ऋषभ सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। आरोपी को शक हो गया कि रमाकांत ने तंत्र-मंत्र करके उसके बेटे की जान ली है। इसी शक में उसने हत्या की योजना बनाई।

पूजा-पाठ के बहाने बुलाकर की हत्या

आरोपी ने पुलिस को बताया कि 1 जून 2025 को वह रमाकांत को पूजा-पाठ कराने के बहाने कार से सहजनवा ले गया। रास्ते में उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।

रात में सुनसान इलाके में कार रोककर आरोपी ने लोहे की पाइप से रमाकांत के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार से बस्ती जिले के सुनसान इलाके में ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया।

पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस

जब रमाकांत चौहान घर वापस नहीं लौटे तो उनकी पत्नी बिजुला देवी ने कोतवाली में गुमशुदगी और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार, एसआई अंजनी कुमार यादव, हेड कांस्टेबल करुणेश सिंह, कांस्टेबल अमित वर्मा और अंकित यादव की टीम शामिल रही।

Related Articles

Back to top button