उत्तर प्रदेश

CM Yogi Birthday: मायावती ने दी बधाई, वाराणसी में 54 किलो लड्डू और पौधारोपण से गूंजा जश्न

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज 5 जून को 54वां जन्मदिन है। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राजनीतिक दलों से लेकर समर्थकों तक, सभी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दे रहे हैं।

इस बीच बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी सीएम योगी को जन्मदिन की बधाई दी है।

मायावती ने दी शुभकामनाएं

बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करती हैं।

मायावती के इस संदेश को राजनीतिक गलियारों में भी खास माना जा रहा है, क्योंकि अक्सर विपक्षी नेताओं के बीच इस तरह की औपचारिक शुभकामनाएं कम ही देखने को मिलती हैं।

वाराणसी में 54 किलो लड्डू और 54 पौधों का आयोजन

दूसरी ओर वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन को खास अंदाज में मनाया गया। वरद अंजनेय हनुमान मंदिर में समर्थकों ने 54 किलो का लड्डू तैयार कर उसका वितरण किया और कार्यक्रम में पौधारोपण भी किया गया।

समर्थकों ने मंदिर परिसर में 54 पौधे लगाए और इसे 54वें जन्मदिन से जोड़ते हुए विशेष आयोजन बताया।

‘54 योजनाओं और पौधों से जुड़ा संकल्प’

कार्यक्रम में मौजूद राम गोपाल सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष 53 किलो लड्डू का आयोजन किया गया था, जबकि इस बार मुख्यमंत्री की उम्र के अनुसार 54 किलो का लड्डू बनाया गया।

उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में तुलसी, नीम, बरगद और सिंदूर जैसे पौधे लगाए गए हैं, जिन्हें धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके साथ ही उन्होंने संकल्प लिया कि 31 जुलाई तक 5400 पौधे लगाए जाएंगे, जो प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की योजनाओं के तहत होंगे।

प्रदेशभर में जश्न का माहौल

सीएम योगी के जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हवन, पूजन, सुंदरकांड पाठ और भंडारे जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। समर्थकों ने मुख्यमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

प्रदेशभर में इस अवसर पर उत्साह का माहौल देखने को मिला और सोशल मीडिया पर भी शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा।

Related Articles

Back to top button