उत्तर प्रदेश

फतेहपुर में मंदिर-मकबरे विवाद पर सियासी संग्राम, अखिलेश यादव ने शेयर किया BJP जिलाध्यक्ष का विवादित वीडियो

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक मकबरे को लेकर हुआ विवाद अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। विवादित स्थल पर हिंदू संगठनों ने इसे भगवान शिव और श्रीकृष्ण का मंदिर बताते हुए पूजा की मांग की थी। इसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए और सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचकर तोड़फोड़ करने लगे।

अखिलेश यादव ने BJP जिलाध्यक्ष पर साधा निशाना

मामले में अब सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा:
“बीजेपी के फतेहपुर जिलाध्यक्ष जी के मुँह से जो फूल झड़ रहे हैं, उप्र बीजेपी उसकी माला बनवाएगी या पुष्पगुच्छ बनवाकर भेंट करेगी? सवाल यही है कि बीजेपी सरकार की छवि बिगाड़ने और किरकिरी करने का इशारा उन्हें कहाँ से मिला है। देखना है लखनऊ से बिगाड़कर वो कितने दिन पद पर सुशोभित रहते हैं।”

वीडियो में क्या बोले BJP जिलाध्यक्ष?

अखिलेश यादव द्वारा साझा किए गए वीडियो में बीजेपी जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल जिले के एसपी अनूप सिंह से बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मुखलाल पाल कहते हैं:
“यह मुलायम सिंह यादव की सरकार नहीं है कि आप गोली चलवा देंगे। अगर हिम्मत है तो गोली चलवाइए।”
यह बयान अब बीजेपी के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर रहा है।

मकबरे को लेकर क्यों हुआ विवाद?

यह विवाद फतेहपुर के अबू नगर इलाके में एक मकबरे और मंदिर को लेकर है। हिंदू संगठन दावा कर रहे हैं कि यह मकबरा वास्तव में मंदिर था। इसी मुद्दे पर मठ मंदिर संरक्षण संघर्ष समिति ने वहां जुलूस निकालने और पूजा करने का ऐलान किया। इसके बाद माहौल बिगड़ गया और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।

पुलिस की सख्त कार्रवाई

यूपी पुलिस ने इस घटना में 10 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना कोतवाली नगर में जबरन घुसने और तोड़फोड़ करने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने कहा कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button