देश-विदेश

झारखंड पहुंचे रामदास अठावले, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को NDA में आने का दिया न्योता, JMM भड़की

रांची: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (A) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने झारखंड दौरे के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को NDA में शामिल होने का खुला न्योता दिया है। अठावले ने कहा कि अगर हेमंत सोरेन झारखंड का विकास चाहते हैं, तो उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले NDA में आना पड़ेगा। इससे झारखंड को केंद्र से ज्यादा धनराशि मिलेगी और विकास को गति मिलेगी।

रामदास अठावले ने सलाह देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राहुल गांधी का साथ छोड़कर NDA में शामिल हो जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अगर सोरेन ऐसा करते हैं, तो भारत सरकार झारखंड सरकार की हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।

अठावले के बयान से JMM में नाराजगी

रामदास अठावले के इस बयान पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। JMM के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने अठावले पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “पॉलिटिकल सर्कस का जोकर” बताया। उन्होंने सवाल किया कि क्या एक संवैधानिक पद पर बैठा केंद्रीय मंत्री झारखंड सरकार को धमकी दे रहा है।

वहीं झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी अठावले के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह “फूट डालो और राज करो” की नीति है, जिसे झारखंड की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

पहले भी दे चुके हैं ऐसे बयान

यह पहली बार नहीं है जब रामदास अठावले ने किसी गैर-एनडीए मुख्यमंत्री को इस तरह का न्योता दिया हो। इससे पहले वे केरल के मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन को भी NDA में शामिल होने की सलाह दे चुके हैं। कन्नूर में एक कार्यक्रम के दौरान अठावले ने कहा था कि अगर पिनारयी विजयन NDA में आते हैं, तो केरल को केंद्र सरकार से अधिक धनराशि मिलेगी। उन्होंने इसे एक “क्रांतिकारी फैसला” बताया था और कहा था कि सत्ता की निरंतरता के लिए पिनारयी विजयन को NDA में शामिल होना चाहिए।

झारखंड में अंबेडकर की भव्य मूर्ति का ऐलान

इस दौरान रामदास अठावले ने झारखंड के धनबाद जिले में मैथन डैम पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की एक भव्य मूर्ति लगाए जाने की भी घोषणा की। अठावले मंगलवार को रांची स्थित राज्य अतिथि गृह में राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने इस योजना की जानकारी दी।

रामदास अठावले के बयानों के बाद झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। NDA में आने के न्योते और उस पर JMM की तीखी प्रतिक्रिया ने सियासी तापमान और बढ़ा दिया है।

Related Articles

Back to top button