उत्तर प्रदेश

फ्रांस के कपल ने आगरा में हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी

आगरा: मोहब्बत की नगरी आगरा में एक अनोखी प्रेम कहानी ने सबका ध्यान खींच लिया है। ताजमहल घूमने आए फ्रांस के एक विदेशी जोड़े ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं से प्रभावित होकर हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कर लिया। यह विवाह आगरा के प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर में पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ।

फ्रांस निवासी 74 वर्षीय फिलिप और 68 वर्षीय सिल्विया 25 दिनों के भारत भ्रमण पर आए थे। ताजमहल के दीदार और भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर उन्होंने हिंदू परंपरा के अनुसार शादी करने का निर्णय लिया। खास बात यह है कि दोनों पिछले 40 वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे, लेकिन भारत आकर उन्होंने अग्नि को साक्षी मानते हुए सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया।

वैदिक मंत्रों के बीच संपन्न हुआ विवाह

राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में पुजारियों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच यह विवाह पूरी श्रद्धा और परंपरा के साथ कराया गया। विदेशी जोड़े ने भारतीय रीति-रिवाजों के अनुसार फेरे लिए और जीवन भर साथ निभाने की कसमें खाईं। मंदिर में मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य बेहद भावुक और खास रहा।

“भारतीय विवाह आत्मिक बंधन है”

विवाह के बाद फिलिप और सिल्विया ने कहा कि भारत में शादी केवल एक सामाजिक रस्म नहीं, बल्कि आत्मिक बंधन है। उन्होंने भारतीय विवाह को दुनिया का सबसे पवित्र विवाह बताते हुए कहा कि मंत्रोच्चारण, परंपराएं और संस्कार उनके दिल को छू गए। राधा-कृष्ण मंदिर में हुई यह शादी उनके जीवन का सबसे यादगार पल बन गई।

गाइड ने कराया विवाह का आयोजन

भारत भ्रमण करा रहे गाइड पंकज शर्मा ने बताया कि यह जोड़ा फ्रांस के एक प्रांत से है और उनके साथ पिछले 25 दिनों से भारत घूम रहा था। आगरा पहुंचने के बाद भारतीय संस्कृति से इतना प्रभावित हुआ कि उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने की इच्छा जताई। इसी के बाद मंदिर में पूरे विधि-विधान से विवाह का आयोजन कराया गया।

ताजनगरी आगरा में हुई इस अनोखी शादी ने न सिर्फ एक नई प्रेम कहानी को जन्म दिया, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं की महानता को एक बार फिर दुनिया के सामने उजागर कर दिया।

Related Articles

Back to top button